रस्सी जल गई पर ऐंठन नहीं गई सीएम योगी का आजम खान पर तंज अब होगा पूरा इलाज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामपुर की सुरक्षा और विकास के लिए भाजपा की डबल इंजन की सरकार को जरूरी बताया है. उन्होंने कहा है कि रामपुर की अपनी धरोहर है, लेकिन कुछ लोगों ने रामपुर की धरोहर को नष्ट करना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझ लिया था. भू-माफिया गरीबों की जमीन पर अतिक्रमण करते थे, उन्हें प्रताड़ित करते थे. आज वाल्मीकि समाज के किसी परिवार को कोई उजाड़ नहीं सकता. किसी गरीब की जमीन पर कोई कब्जा नहीं कर सकता. किसी माता-बहन पर बुरी नजर नहीं डाल सकता. इस दौरान सीएम योगी ने बिना नाम लिए आजम खान पर भी निशाना साधा. उन्होंने आगे कहा कि हमने तो भूमाफिया की ऐंठन को भी दूर कर दिया है, लेकिन लगता है कि रस्सी जल गई पर कुछ लोगों की ऐंठन अभी गई नहीं है. अब इसका पूरा इलाज कर भी ठीक कर दिया जाएगा, लेकिन रामपुर को फिर से अराजकता का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा.
घनश्याम सिंह लोधी के समर्थन में रामपुर पहुंचे थे सीएम योगी
सीएम योगी, मंगलवार को रामपुर लोकसभा उपचुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी के समर्थन में जनता से मुखातिब हुए. बिलासपुर में आयोजित जनसभा में सीएम योगी ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री आवास में पेशेवर दंगाई सम्मानित होते थे, आज साहिबजादों की स्मृति में बाल दिवस का आयोजन होता है. तब दुराचारियों के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहते थे ”लड़के हैं गलती हो जाती है,” आज किसी की हिम्मत नहीं कि कोई माता-बहनों पर बुरी नजर डाल सके. सपा और भाजपा सरकारों की कार्यशैली के अंतर को बताते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा समस्या का समाधान करने वाली पार्टी है, जबकि सपा अराजकता पैदा करने वाली.
रामपुरी चाकू का जिक्र करते हुए सीएम ने सपा पर साधा निशाना
लोकसभा उपचुनाव प्रचार के आखिरी दिन रामपुर पहुंचे सीएम योगी ने कहा कि सत्ता में आने के बाद, हमारी सरकार ने अब तक रामपुर में 640 हेक्टेयर भूमि माफिया से मुक्त कराकर गरीबों को वापस दे दी. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को उनके कुकर्मों की सजा मिल रही है. सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार रामपुर को माफिया को रौंदने के लिए नहीं छोड़ सकती. रामपुरी चाकू का जिक्र करते हुए सीएम ने सपा पर निशाना भी साधा. उन्होंने कहा कि जब यह चाकू हस्तशिल्पियों के हाथ में था, तब रामपुर को विशिष्ट पहचान मिली और जब सपाइयों के हाथ आई तो जमीन पर कब्जा करने के लिए इस्तेमाल की गई. जनसंवाद के दौरान सीएम योगी ने बिलासपुर चीनी मिल के शीघ्र आधुनिकीकरण की भी घोषणा की.
आजम पर तंज, कहा-जेल में रहने वालों के इलाज की भी रही व्यवस्था
कोरोना काल में प्रदेशवासियों के जीवन और जीविका की सुरक्षा के प्रयासों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कोरोनाकाल में जेल में बंद रहे आजम खान पर भी तंज कसा. बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि, हमने बिना भेदभाव सभी को फ्री टेस्ट, ट्रीटमेंट और टीका उपलब्ध कराया. यहां तक कि जो लोग जेल में थे, उनका भी इलाज कराया. यह लोग तब कहते थे कि जेल ही जन्नत है. आज जमानत पर छूटने के बाद जेल को नरक बताते हैं. यह लोग गिरगिट से भी तेज रंग बदलते हैं. ऐसे लोगों से रामपुर को सावधान रहना होगा.
