जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील बल्दीराय में संपूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन।
राजस्व, मुआवजा एवं विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश, भूमि विवादों में राजस्व टीम करे स्थलीय जांच।*
*दीपावली के अवसर पर जिलाधिकारी महोदय ने तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालों से की आत्मीय मुलाकात, पर्व की शुभकामनाएं दी।*
सुलतानपुर, 07 नवम्बर/जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल तथा मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में तहसील बल्दीराय में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी महोदय ने जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 70 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 06 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करते हुए निर्धारित समयावधि में प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक मामले राजस्व विभाग, मुआवजे एवं विद्युत विभाग से संबंधित रहे। जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान करते हुए उसे पूर्ण संतुष्टि प्रदान की जाए। भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करे और निष्पक्ष रूप से समस्या का समाधान सुनिश्चित करे।
मुआवजे से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रकरणों की गंभीरता से जांच कर पात्र व्यक्तियों को नियमानुसार देय मुआवजे का समयबद्ध लाभ दिलाया जाए। वहीं विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों के प्रभावी निस्तारण पर जोर देते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि खेतों में विद्युत पोल एवं तारों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही के कारण कोई हादसा होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण, खनिजों के परिवहन की निगरानी एवं ओवरलोड वाहनों के संचालन पर अंकुश लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर नियमित निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जाए तथा बिना वैध अनुमति के किसी भी प्रकार का खनन न होने पाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने निर्वाचन एवं जनगणना कार्यों में लगे समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन महत्वपूर्ण दायित्वों का पूरी निष्ठा, गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि स्व-गणना के प्रति सभी को जागरूक करें और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा सभी विभाग मिलकर जनगणना-2027 को जनपद में प्रभावी बनायें।
दीपावली के पावन अवसर पर जिलाधिकारी ने तहसील के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा जनपदवासियों को सपरिवार दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने तहसीलदारों, राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों से आत्मीय मुलाकात कर उनके कार्यों एवं दायित्वों के प्रति सराहना व्यक्त की तथा सभी के साथ दीपावली के शुभ अवसर पर सभी के साथ फोटो भी खिंचवाया। उन्होंने कहा कि हम सभी जनसेवक हैं और जनसेवा ही हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराएं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर उपलब्ध सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त कीे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, एसडीएम बल्दीराय, बेसिक शिक्षा अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।


