एसपी कार्यालय बना जंग का मैदान,भाजपा नेताओं और पुलिसकर्मियों में जमकर चले लात घूंसे
जालौन।उत्तर प्रदेश के जालौन के पुलिस अधीक्षक का कार्यालय शनिवार को जंग का मैदान बन गया।चुर्खी थाना प्रभारी की शिकायत लेकर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों की पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस कर्मियों से गहमा-गहमी हो गई।इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मियों में जमकर लात घूंसे चले।इसमें भाजपा के दो कार्यकर्ता,पुलिस के एक इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों को भी गंभीर चोटें आई हैं।इसके बाद इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मौके पर पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने पुलिस कर्मियों पर गुंडागर्दी और मारपीट करने का आरोप लगाया और उच्चाधिकारियों से शिकायत की।घायल भाजपा पदाधिकारियों और पुलिस कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी मेडिकल जांच करवाई गई।इसके बाद डीएम एसपी दोनों पक्षों को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
*उरई के एसपी कार्यालय की घटना*
घटना जालौन के पुलिस अधीक्षक कार्यालय उरई की है।चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम कुटरा के रहने वाले महेवा के भाजपा मंडल अध्यक्ष रिशाल सिंह,मंडल उपाध्यक्ष महेवा राममोहन चतुर्वेदी की शुक्रवार को चुर्खी थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति से मिट्टी खनन को लेकर कहासुनी हो गई थी।इस पर शुक्रवार की रात को ही कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर हंगामा किया था।इसके बाद चुर्खी थाना प्रभारी ने सभी को हटा दिया था।
*कहासुनी के बाद चले लात घूंसे*
इसी बात को लेकर शनिवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष रिसाल सिंह और मंडल उपाध्यक्ष राममोहन चतुर्वेदी उरई स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।सत्ता की हनक दिखाते हुए दोनों भाजपा नेता पुलिस अधीक्षक कक्ष में मौजूद इंस्पेक्टर और सिपाहियों पर रौब झाड़ने लगे।पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ईरज राजा ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया,लेकिन दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद लात घूंसे चलने लगे, जिसमें रिशाल सिंह और राममोहन चतुर्वेदी के साथ इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह, महिला सिपाही अंबिका सिंह और राजेंद्र को भी चोटें आ गईं।
*इलाज के लिए भेजा गया अस्पताल*
इसके बाद सूचना भाजपा कार्यकर्ताओं को मिली तो जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित,विधायक गौरीशंकर वर्मा,जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी के साथ कई कार्यकर्ता एसपी कार्यालय पहुंचे और हंगामा किया और पुलिस कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया।इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने कहा कि उनके कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस ने मारपीट की है।मामले के बाद सभी भाजपा कार्यकर्ता पहले जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय से मिले इसके बाद सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। साथ ही घायल पुलिस कर्मियों को भी भेजा गया।
*मामले की होगी जांच*
जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ईरज राजा घायल दोनों पक्षों को देखने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे।भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और मामले को शांत कराया।इस मामले में एसपी डॉक्टर ईरज राजा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।दोनों पक्षों में कहासुनी हुई है।घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है।